Navratri 2026: नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया की तैयारियां जोरों पर हैं। अब तक आपने गरबा के लिए किराए पर ड्रेस और दूसरे सामान मिलने के बारे में सुना होगा, लेकिन इस बार गुजरात से एक ऐसा अनोखा ऑफर सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है। यहां गरबा खेलने के लिए पार्टनर को ही किराए पर देने का दावा किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ‘Rent A Garba Partner’
सोशल मीडिया पर ‘Rent A Garba Partner’ नाम से एक पोस्ट वायरल हो रही है। पोस्ट में गरबा पार्टनर के लिए सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम जैसे अलग-अलग पैकेज का जिक्र किया गया है। इन पैकेज में गरबा खेलने के साथ कुछ अन्य सुविधाएं देने का भी दावा किया गया है।
सिल्वर से प्लेटिनम तक बताए गए पैकेज
वायरल पोस्ट के मुताबिक, सिल्वर पैकेज में दो घंटे तक गरबा, मैचिंग आउटफिट, बेसिक गरबा स्टेप्स और सेल्फी जैसी सुविधाओं का दावा किया गया है। वहीं गोल्ड और प्लेटिनम पैकेज में ज्यादा समय तक गरबा खेलने के साथ फोटो और रील्स जैसी सुविधाओं का भी जिक्र किया गया है।
इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोगों को यह आइडिया दिलचस्प लग रहा है, तो कुछ इसे लेकर सवाल भी उठा रहे हैं।
वायरल पोस्ट की सच्चाई पर सवाल
हालांकि, इस वायरल पोस्ट को लेकर अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह वास्तव में कोई व्यावसायिक सेवा है या फिर सोशल मीडिया पर किया गया मजाकिया प्रचार। इसलिए पोस्ट में किए गए दावों की पुष्टि किए बिना इसे वास्तविक सेवा मानना उचित नहीं होगा।
अनजान लोगों से लेनदेन में सावधानी जरूरी
अगर आपको भी सोशल मीडिया पर इस तरह का कोई ऑफर दिखाई देता है, तो बिना जांच-पड़ताल के किसी अनजान व्यक्ति को पैसे भेजने से बचें। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या निजी जानकारी साझा करने से पहले उसकी विश्वसनीयता जरूर जांच लें।
